
विकास के रंगों के साथ स्वच्छता का संदेश, वीएनएसजीयू में विकास सप्ताह मनाया
सूरत। वीर नर्मद दक्षिण गुजरात यूनिवर्सिटी के लोक प्रशासन विभाग की ओर से 17 सितंबर को विकास सप्ताह-2026 के तहत रंगोली निर्माण और स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विकास, स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण का संदेश देती आकर्षक रंगोली बनाई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और टीमवर्क का प्रदर्शन किया।
इसके अलावा विश्वविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। कुलपति डॉ. किशोरसिंह एन. चावड़ा और कुलसचिव डॉ. रमेशदान गढ़वी की उपस्थिति में आयोजित अभियान में लोक प्रशासन विभाग के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। अभियान के माध्यम से स्वच्छता, सेवा, सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन लोक प्रशासन विभाग की को-ऑर्डिनेटर एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मधु एम. थवानी के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर विभाग की डॉ. स्वाति देसाई, डॉ. ममता भक्कड़, डॉ. दीपिका गुप्ता और ममता मीना सहित शिक्षक उपस्थित रहे। रंगोली और स्वच्छता अभियान के जरिए विकास सप्ताह को विद्यार्थियों की रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ा गया।



