
सूरत रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान, महावीर इंटरनेशनल ने दिए 20 डस्टबिन
सूरत। स्वच्छ भारत अभियान के तहत महावीर इंटरनेशनल, मुख्य शाखा-सूरत की ओर से सूरत रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की पहल की गई। संस्था ने रेलवे प्रशासन को 10 जोड़ी यानी कुल 20 डस्टबिन प्रदान किए। इनमें 10 नीले और 10 हरे डस्टबिन शामिल हैं, जिनका उपयोग सूखे और गीले कचरे के पृथक संग्रहण के लिए किया जाएगा।
इस अवसर पर संस्था की ओर से वीर सीए दिनेश जैन, चेयरमैन, वीर नरेश ललवानी, सचिव, वीर एस.एल. डांगी, वीर सुरेश गांधी, वीर संतोकचंद नाहर एवं वीरा आशा जैन उपस्थित रहे।
रेलवे प्रशासन की ओर से अमित करवांडे, सहायक वाणिज्य प्रबंधक, मुंबई सेंट्रल, श्रवण कुमार मेघवाल, स्टेशन निदेशक, सूरत, गणेश जाधव, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, सूरत, प्रमोद शर्मा, स्टेशन अधीक्षक, सूरत, आनंद शर्मा, उप स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य), उधना तथा प्रफुल्ल शर्मा, उप स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य), सूरत मौजूद रहे।
रेलवे अधिकारियों ने संस्था के सामाजिक सेवा कार्यों की सराहना की। विशेष रूप से भारी बारिश के दौरान यात्रियों को भोजन एवं पानी उपलब्ध कराने के कार्य का उल्लेख किया गया। वीर एस.एल. डांगी एवं वीर सीए दिनेश जैन ने संस्था के सामाजिक सेवा कार्यों, उद्देश्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
महावीर इंटरनेशनल के अनुसार डस्टबिन उपलब्ध कराने की यह पहल कचरा वर्गीकरण और स्वच्छता जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ स्वच्छ एवं सुंदर सूरत रेलवे स्टेशन के निर्माण में योगदान देगी। संस्था ने भविष्य में भी जनहित एवं स्वच्छता से जुड़े सेवा कार्य जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।



