
सूरत : वेसू में चार धाम की थीम पर सजेगा भव्य दुर्गा पूजा पंडाल
वेसू सांस्कृतिक समिति दूसरी बार आयोजित करेगी दुर्गा पूजा महोत्सव, 4 अक्टूबर को निकलेगी शोभायात्रा
सूरत। वेसू सांस्कृतिक समिति की ओर से इस वर्ष भी भव्य दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस बार पूजा पंडाल को चार धाम की थीम पर सजाया जाएगा। महोत्सव की शुरुआत 4 अक्टूबर को शाम 4 बजे सिटी लाइट स्थित मेहदीपुर बालाजी मंदिर से भव्य शोभायात्रा, कलश एवं निशान यात्रा के साथ होगी। यात्रा वेसू लुथरा सर्कल स्थित दुर्गा माता के पंडाल तक पहुंचेगी, जहां विधिवत माता की स्थापना की जाएगी।
इसके बाद 11 से 20 अक्टूबर तक दुर्गा पूजा महोत्सव आयोजित होगा। समिति अध्यक्ष कृष्ण शर्मा ने बताया कि नवरात्रि के पावन पर्व पर दूसरी बार बड़े स्तर पर आयोजन किया जा रहा है। चार धाम की थीम के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभव देने का प्रयास किया गया है।
महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या सहित विभिन्न आयोजन होंगे। युवाओं में धार्मिक भावना बढ़ाने और नशे से दूर रखने के उद्देश्य से भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पत्रकार परिषद में अध्यक्ष कृष्ण शर्मा, सचिव दीपक बंका, कोषाध्यक्ष सचिन सिंघला, संयोजक नरसी भवानी तथा मुख्य यजमान कैलाश लोहिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



