सूरत

क्राइम फ्री सूरत का मंत्र देंगे पूर्व DGP विक्रम सिंह, तिरंगा यात्रा से होगा राष्ट्र जागरण कार्यक्रम

नागरिकों की जिम्मेदारी, कानून पालन और पुलिस-जनसहभागिता पर करेंगे मार्गदर्शन

सूरत। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र जागरण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साकेत संस्था की अगुवाई में ‘नेशन फर्स्ट’ द्वारा रविवार, 9 अगस्त को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) विक्रम सिंह ‘क्राइम फ्री सूरत’ विषय पर शहरवासियों को अपराधमुक्त समाज के निर्माण का मंत्र देंगे।

कार्यक्रम से पहले पूर्व DGP विक्रम सिंह के सूरत एयरपोर्ट पहुंचने पर साकेत के संस्थापक सांवर प्रसाद बुधिया, रामावतार पारीक, वीरेंद्र राजावत, डॉ ममता, पंकज शर्मा सहित संस्था के सदस्यों ने उनका भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक देऊसर माता मंदिर, मेहंदीपुर बालाजी के पास, सूरत में आयोजित होगा। पूर्व DGP विक्रम सिंह अपने संबोधन में अपराध नियंत्रण में नागरिकों की भूमिका, कानून के पालन, सामाजिक जागरूकता तथा पुलिस-प्रशासन के साथ जनसहभागिता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर मार्गदर्शन देंगे।

विद्यार्थियों की तिरंगा यात्रा से होगा आगाज

राष्ट्रभक्ति के माहौल में कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा तिरंगा यात्रा से होगी। विद्यार्थी हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति बैंड के साथ यात्रा निकालेंगे। इसके बाद पूर्व DGP विक्रम सिंह का स्वागत किया जाएगा और वे मुख्य संबोधन देंगे।

‘क्राइम फ्री सूरत’ के लिए नागरिकों की भागीदारी पर जोर

साकेत ग्रुप के सांवर प्रसाद बुधिया ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी केवल पुलिस और प्रशासन की नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

इसी सोच के साथ ‘क्राइम फ्री सूरत’ अभियान के माध्यम से लोगों को कानून का पालन करने, अपराध के खिलाफ जागरूक रहने और पुलिस-प्रशासन के साथ सहयोग करने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्र के प्रति कर्तव्य और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी दिलाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button