
सूरत। द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से 26 से 28 जून 2026 तक सूरत इंटरनेशनल एग्जिबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर , सरसाणा में ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026 आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस बी2बी प्रदर्शनी में देशभर और विदेशों के करीब 200 प्रदर्शक हिस्सा लेंगे तथा 25,000 से अधिक खरीदारों और विजिटर्स के आने की संभावना है।
चैंबर अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने बताया कि पूर्व में ‘वीवनिट एग्जीबिशन’ के नाम से आयोजित होने वाला यह आयोजन अब ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो’ के रूप में नई पहचान के साथ आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सूरत के वीविंग, निटिंग, टेक्निकल टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजारों से जोड़ना है।
प्रदर्शनी में लेटेस्ट टेक्नोलॉजी आधारित विस्कोस फैब्रिक पर पोजिशन प्रिंट, एयरजेट पर साल्सा प्लेन और साल्सा बूटी फैब्रिक, लपेट एम्ब्रॉयडर्ड फैब्रिक, पश्मीना बॉम्बर जैकेट फैब्रिक तथा रिसाइकल कॉटन फैब्रिक जैसे नए उत्पाद आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके अलावा होम फर्निशिंग, बेडशीट, ब्लैकआउट फैब्रिक, डिजिटल प्रिंट और टेक्निकल टेक्सटाइल्स की विस्तृत श्रृंखला भी प्रदर्शित की जाएगी।
उद्घाटन समारोह 26 जून को सुबह 10 बजे सरसाणा स्थित यूकेएम हॉल में होगा। मुख्य अतिथि के रूप में जयराम गामीत (उद्योग मंत्री, गुजरात सरकार) उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार, यह एक्सपो टेक्सटाइल उद्योग के लिए बड़े व्यापारिक अवसर पैदा करेगा और एमएसएमई उद्यमियों को गुजरात सरकार की सब्सिडी योजनाओं का लाभ भी मिल सकेगा।



