बिजनेससूरत

सूरत एयरपोर्ट के विकास कार्यों में स्थानीय वेंडरों को मिले प्राथमिकता: अशोक जीरावाला

सूरत। द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अशोक जीरावाला के नेतृत्व में चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने सूरत एयरपोर्ट का दौरा किया। इस दौरान एयरपोर्ट के विकास कार्यों से जुड़ी टेंडरिंग प्रक्रिया में स्थानीय वेंडरों को अवसर देने का सुझाव रखा गया, ताकि स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन मिल सके और विकास कार्य समय पर पूरे हो सकें।

प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष रवि राज देसाई, मानद सचिव परेश लाठिया, मानद कोषाध्यक्ष अतुल पटेल, एविएशन/एयरपोर्ट कमेटी के सलाहकार मनोज सिंगापुरी तथा चेयरमैन लिनेश शाह शामिल थे।

यह सौजन्य मुलाकात सूरत एयरपोर्ट के निदेशक ए.एन. शर्मा के आमंत्रण पर आयोजित की गई। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट भवन, टर्मिनल और एयर ट्रैफिक कंट्रोल परिसर का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

चैंबर अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने मुख्य प्रवेश द्वार से एयरपोर्ट तक पहुंचने में यात्रियों को होने वाली समस्याओं के शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट विकास से जुड़े टेंडरों में स्थानीय वेंडरों को भागीदारी मिलने से क्षेत्रीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी आएगी।

बैठक में सूरत एयरपोर्ट के विकास, यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

दोनों पक्षों ने भविष्य में आपसी सहयोग के माध्यम से सूरत एयरपोर्ट को एक मजबूत एयर कनेक्टिविटी हब के रूप में विकसित करने के लिए मिलकर कार्य करने पर सहमति व्यक्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button