
महावीर इंटरनेशनल वीरादृष्टि, सूरत ने स्थापना दिवस पखवाड़े का सेवा कार्यों के साथ किया भव्य समापन
सूरत। महावीर इंटरनेशनल वीरादृष्टि, सूरत द्वारा महावीर इंटरनेशनल स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित 15 दिवसीय सेवा श्रृंखला का समापन आज विविध सेवा गतिविधियों के साथ प्रेरणादायी रूप से संपन्न हुआ।
समापन अवसर पर दिव्यांग चैरिटेबल ट्रस्ट, पीपलोद (सूरत) में पद्मश्री डॉ. कन्नूभाई टेलर की गरिमामयी उपस्थिति में विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों को स्टेशनरी, स्कूल बैग, पुस्तकें एवं भोजन वितरित किया गया। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से जीवन कौशल (Life Skills), आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच तथा सेल्फ हीलिंग विषय पर प्रेरणादायी मार्गदर्शन दिया गया।
विशिष्ट वक्ता मीनाक्षी जैन एवं डॉ. फाल्गुनी शाह ने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनेक उपयोगी एवं प्रेरणादायक “गोल्डन टिप्स” प्रदान किए तथा अपनी क्षमताओं को पहचानकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
गुजरात ज़ोन चेयरपर्सन वीरा निशा सेठिया ने दिव्यांग चैरिटेबल ट्रस्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था को वर्षभर सेवा के अनेक अवसर प्राप्त होते रहे हैं। उन्होंने बच्चों को अपनी प्रतिभा एवं क्षमता का पूर्ण उपयोग करते हुए आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जीव दया एवं सेवा कार्यों के अंतर्गत सूरत पांजरापोल गौशाला में हरी सब्जियों का भोजन , पक्षियों के लिए दाना सेवा की गई तथा अन्नदान योजना के अंतर्गत जरूरतमंद परिवार को राशन सामग्री प्रदान की गई।
खुशियों का बाजार कार्यक्रम में बस्ती के लोगो को कपड़ो का वितरण भी किया गया ।
कार्यक्रम के समापन पर वीरादृष्टि, सूरत की चेयरपर्सन वीरा संगीता राठी एवं सचिव वीरा स्मृति जैन ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वीरादृष्टि परिवार के सभी सदस्यों के संयुक्त प्रयास, समर्पण एवं सेवा भावना से ही यह सेवा अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
महावीर इंटरनेशनल वीरादृष्टि, सूरत ने स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन पर जीव दया, अन्नदान एवं मानव सेवा के माध्यम से सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।



