
मुंबई-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ने पूर्ण किए 53 गौरवशाली वर्ष
ट्रेन को फूलों से सजाया,केक काटकर उत्साह से अवसर मनाया
पश्चिम रेलवे की प्रतिष्ठित मुंबई-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ने 17 मई, 1972 को अपनी पहली यात्रा से लेकर अब तक 53 गौरवशाली वर्ष पूरे करके एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर स्थापित किया है। इस महत्वपूर्ण अवसर का जश्न मनाने के लिए पश्चिम रेलवे द्वारा मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर रेलप्रेमियों, रेल पारखी और इस प्रमुख ट्रेन के संरक्षकों के साथ एक यादगार कार्यक्रम आयोजित किया गया। फूलों से सजी इस ट्रेन को उत्सवपूर्वक और धूमधाम से झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
रेलवे के सूत्रो से मिली जानकारी के मुताबिक मुंबई-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ने 17 मई, 1972 को मुंबई सेंट्रल स्टेशन (तब बॉम्बे सेंट्रल) से राष्ट्रीय राजधानी के लिए अपनी पहली यात्रा आरंभ की थी। इस ट्रेन ने राष्ट्र की सेवा में 53 शानदार वर्ष पूरे किए और इस अवसर को चिह्नित करने के लिए इस प्रतिष्ठित ट्रेन के रवाना होने से पहले मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। ट्रेन को फूलों और तोरणों से सजाया गया। उत्साही रेलप्रेमियों ने केक काटकर और अन्य उत्सव मनाकर इस प्रतिष्ठित ट्रेन की शानदार विरासत का सम्मान किया।
अधिकारियों ने बताया कि मुंबई-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस सात राज्यों से होकर गुजरते हुए 15 घंटे 32 मिनट में 1380 किलोमीटर की दूरी तय करती है। वर्ष 1972 में भारतीय रेल ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को आर्थिक राजधानी मुंबई से जोड़ने वाली भारतीय रेल की दूसरी राजधानी एक्सप्रेस की शुरुआत की। देश की पहली राजधानी एक्सप्रेस तीन साल पहले 1969 में हावड़ा-दिल्ली के बीच शुरू की गई थी।