
गुजराज महासंगम की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, महिला शक्ति की बैठकों का दौर जारी
11,000 महिलाओं के नखराळी घूमर और महा आरती से बनेगा विश्व रिकॉर्ड
सूरत। राजस्थान युवा संघ द्वारा राजस्थान स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 30 मार्च को आयोजित होने वाले गुजराज महासंगम की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। इस ऐतिहासिक आयोजन में 11,000 महिलाओं द्वारा एक साथ घूमर नृत्य और महा आरती कर विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा।
इसी कड़ी में कल विप्र गौरव भवन में संघ की कार्यकारिणी, सलाहकार समिति और सांस्कृतिक समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। अध्यक्ष विक्रम सिंह शेखावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की सफलता के लिए अपनी सहयोग राशि घोषित की और दिशा-निर्देशों पर चर्चा की।
नखराळी घूमर के दिशा निर्देश
कार्यक्रम में 221 कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए जाएंगे, जो 50-50 महिलाओं का रजिस्ट्रेशन कराकर उन्हें अपनी टीम में शामिल करेंगे। प्रत्येक कोऑर्डिनेटर को विशेष आई कार्ड प्रदान किया जाएगा और अलग विशेष खंड में अतिथियों के साथ घूमर करने का अवसर मिलेगा।
घूमर के बाद स्थल पर ही कोऑर्डिनेटर्स का विशेष सम्मान किया जाएगा। साथ ही तीन या अधिक पीढ़ियों जैसे (दादी, बहू, पोती) या (नानी, मां, बेटी) के समूह को अलग विशेष खंड में स्थान दिया जाएगा।
रजिस्ट्रेशन के लिए वोटर या आधार कार्ड अनिवार्य नहीं है, लेकिन यदि कोई महिला अपना पहचान पत्र प्रस्तुत करती है तो उसका नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रमाणपत्र में दर्ज किया जाएगा।
नागदा समाज वाड़ी में महिला शक्ति की बैठक संपन्न
तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए आज दोपहर गोड़ादरा विस्तार की नागदा समाज वाड़ी में सह मीडिया प्रभारी मनीष दयाल पूरा के संयोजन में महिला शक्ति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में विभिन्न समाजों, संगठनों और सोसायटी की अग्रणी महिलाओं ने भाग लिया।
बैठक में अब तक किए गए रजिस्ट्रेशन और आगामी कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा हुई। महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ इस ऐतिहासिक आयोजन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
गुजराज महासंगम के प्रति समाजजन में भारी उत्साह देखा जा रहा है, और उम्मीद की जा रही है कि यह आयोजन सूरत में राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भव्य छवि पेश करेगा।