
तिरंगे के रंग में रंगा सूरत, ‘वाय’ जंक्शन से स्टेडियम तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा
दो किलोमीटर की यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, हजारों शहरवासी हुए शामिल
सूरत। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ और ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गुरुवार को सूरत में भव्य तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। वेसु स्थित ‘वाय’ जंक्शन से लालभाई कॉन्ट्राक्टर स्टेडियम तक करीब दो किलोमीटर लंबी इस यात्रा में हजारों शहरवासी शामिल हुए। बारिश की फुहारों के बीच निकली यात्रा से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और स्वास्थ्य राज्यमंत्री प्रफुलभाई पानशेरिया सहित जनप्रतिनिधियों ने तिरंगा लहराकर यात्रा को रवाना किया। ‘वंदे मातरम्’ के गान के साथ शुरू हुई यात्रा में मंत्री एवं अन्य गणमान्य लोग भी नागरिकों के साथ पैदल चले।
यात्रा में फायर विभाग के जवान करीब 600 मीटर लंबे राष्ट्रध्वज के साथ शामिल हुए। मार्ग में विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक दलों, विद्यार्थियों और युवाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर यात्रियों का स्वागत किया।
प्रसिद्ध गायक भाविन शास्त्री एवं उनकी टीम ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। ‘मेरी शान तिरंगा’, ‘मेरा मुल्क मेरा देश’, ‘वंदे मातरम्’, ‘सारे जहां से अच्छा’ और ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ जैसे गीतों से माहौल देशभक्तिमय हो गया।
यात्रा में पुलिस बाइक प्लाटून, फायर बाइक प्लाटून, बैलेंसिंग बाइक, माउंटेन हॉर्स प्लाटून, महिला पुलिस बैंड, स्कूल बैंड, होमगार्ड और एनसीसी कैडेट्स के करतब आकर्षण का केंद्र रहे।
तिरंगा यात्रा में स्कूल-कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स, युवा, पुलिसकर्मी, सामाजिक संस्थाएं, उद्योगपति, व्यापारी, विभिन्न औद्योगिक एवं व्यापारिक एसोसिएशन, धार्मिक संस्थाएं, खिलाड़ी तथा महिला-युवा शक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर सांसद मुकेशभाई दलाल, विधानसभा उपाध्यक्ष पूर्णेशभाई मोदी, महापौर माया मावाणी, संगठन महामंत्री प्रशांत कोराट, विधायकगण, जिला कलेक्टर तेजस परमार, जिला विकास अधिकारी देवेंद्र प्रकाश मीणा, प्रभारी पुलिस आयुक्त वाबांग जमीर सहित पदाधिकारी, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



