व्यापारियों ने वित्तमंत्री को लिखे पोस्टकार्ड
सूरत। कपड़े पर जीएसटी वृद्धि के नोटिफिकेशन आने के बाद इसका विरोध सम्पूर्ण भारत के व्यापारी कर रहे है। सूरत कपड़ा बाजार में भी इसका विरोध हो रहा है। टेक्सटाईल युवा ब्रिगेड द्वारा सांकेतिक विरोध के रूप में राधाकृष्ण टेक्सटाईल मार्केट में रामधुन का आयोजन किया जाना था लेकिन पुलिस परमिशन न मिलने के कारण इसे रद्द करना पड़ा था। इसे देखते हुए टेक्सटाईल युवा ब्रिगेड द्वारा डोर टू डोर अभियान प्रारम्भ किया गया है। इसी के अंतर्गत पोस्टकार्ड अभियान वर्तमान में संस्था द्वारा चलाया जा रहा है।
राधाकृष्ण टेक्सटाईल मार्केट में टेक्सटाईल युवा ब्रिगेड द्वारा व्यापारियों से वित्तमंत्री के नाम पोस्टकार्ड लिखवाये गए। व्यापारियों ने एक स्वर में जीएसटी वृद्धि का विरोध करते हुए वित्तमंत्री से इस नोटिफिकेशन को रद्द करने की मांग पोस्टकार्ड के माध्यम से की गई। इस दरम्यान टेक्सटाईल युवा ब्रिगेड के संस्थापक राजू तातेड़, अध्यक्ष ललित शर्मा, भंवरलाल टावरी, पारस राठी, संजय छाजेड़, कमल चौधरी, कैलाश बोहरा, पुखराज राठी, मुकेश चांडक, हितेश जैन, पुखराज संकलेचा सहित व्यापारियों ने सभी को इस बारे में जानकारी दी।
राजू तातेड़ ने बताया कि कपड़े पर जीएसटी बढ़ोत्तरी के नोटिफिकेशन आने के बाद पूरे भारत भर में व्यापारी इसका विरोध कर रहे है। हमने मार्केट में रामधुन का आयोजन किया था लेकिन पुलिस की मंजूरी नहीं मिलने की वजह से उसे स्थगित रखना पड़ा था। अब टेक्सटाइल युवा ब्रिगेड ने डोर टू डोर अभियान छेड़ा है। वहीं व्यापारियों से वित्तमंत्री के नाम पोस्टकार्ड लिखवाए जा रहे है।