
सूरत। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मोटा वराछा स्थित राम चौक में शनिवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की अध्यक्षता में भव्य एवं गौरवपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सुदामा चौक के निकट 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण किया गया। साथ ही लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि यह केवल तिरंगे की स्थापना नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, शौर्य और भारत के प्रति अटूट श्रद्धा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक पहल पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सभी नागरिकों, विद्यार्थियों और उपस्थित जनसमूह को शुभकामनाएं भी दीं।
ध्वजारोहण के बाद हर्ष संघवी सहित अन्य अतिथियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया और कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने राम चौक पर तिरंगे की शान को सदैव ऊंचा बनाए रखने तथा भारत माता के गौरव को बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया, विधायक मुकेशभाई पटेल, एल.एच. झाला, राजदीपसिंह नकुम, कानजीभाई भालाला, सुदामा चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। समारोह देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा और पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला।



