धर्म- समाज

उत्तर भारतीय संघ भवन में खुलेगा लॉ कॉलेज : मंगलप्रभात लोढ़ा

मुंबई। महाराष्ट्र के पर्यटन, कौशल विकास, महिला व बाल कल्‍याण मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि उत्तर भारतीय संघ भवन में न केवल लॉ कॉलेज खुलेगा, बल्कि यहां कौशल विकास केंद्र भी खोला जाएगा, साथ ही इसे मुंबई के प्रमुख पर्यटन स्थल का दर्जा भी दिलाया जाएगा। लोढ़ा ने यह बात बांद्रा पूर्व स्थित उत्तर भारतीय संघ की तरफ से आयोजित अपने भव्य सत्कार समारोह में कही। हिंदी भाषी नेता मंगल प्रभात लोढ़ा को कैबिनेट बनाए जाने पर उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने भव्य सत्कार समारोह का आयोजन किया था।

सत्कार मूर्ति मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि जिस तरह खून-पसीने से अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हुआ, इसी तरह स्वर्गीय आरएन सिंह के प्रयासों से उत्तर भारतीय संघ भवन खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह की संघ भवन में लॉ कॉलेज खोलने की मांग को पूरा किया जाएगा। लोढ़ा ने सुझाव दिया कि संघ भवन में मुंबई के विकास में योगदान देने वाली हस्तियों के स्टैच्यू लगाकर उनके बारे में जानकारी प्रदान की जाए, इससे संघ भवन एक पर्यटन केंद्र का रूप ले लेगा और इसे पर्यटन स्थल घोषित करने में आसानी होगी।

लोढ़ा ने कहा, संतोष आरएन सिंह आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू, हिंदुत्व और हिंदुस्तान उनके मन की बात है, जो हिंदू हित की बात करेगा, वही राज करेगा। महाराष्ट्र में इस वक्त आम लोगों की सरकार है। मुंबई से भाजपा की एक भी सीट गिरने नहीं देंगे। पिछली बार मालाड सीट पर पार्टी जीत नहीं पाई थी, उसे भी इस बार जीतकर लाएंगे। लोढ़ा ने सलाह दी कि बाहर वालों से राजनीति करो, लेकिन अपने साथ वालों से राजनीति न करें तो अच्छा होगा।

उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने मंगल प्रभात लोढ़ा का स्वागत करते हुए कहा कि आज यदि स्वर्गीय आरएन सिंह जिंदा होते तो बेहद खुश होते। लोढ़ा जी का काम करने में ज्यादा यकीन है। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आभार, जिन्होंने हिंदी भाषी समाज से मंगल प्रभात लोढ़ा को कैबिनेट मंत्री बनाया। हालांकि वे कुर्सी के मोहताज नहीं हैं। महाराष्ट्र में पहली बार किसी हिंदी भाषी को पर्यटन मंत्री बनाया गया है और हम चाहते हैं कि वे 10 साल तक इसी पद पर विराजमान रहें।

संतोष आरएन सिंह ने कहा कि संघ भवन में हम विधि कॉलेज खोलना चाहते हैं। साथ ही उत्तर भारतीय संघ को इतना वैभव प्रदान करना चाहते हैं कि उत्तर भारत से मुंबई आने वाला हर पर्यटक यहां अवश्य आएं। कार्यक्रम को पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, भाजपा विधायक राजहंस सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला,  मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम में उत्तर भारतीय संघ के कार्याध्‍यक्ष शारदा प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष डॉ राधेश्याम तिवारी, मुंबई भाजपा उपाध्‍यक्ष अमरजीत सिंह, मुंबई भाजपा प्रवक्ता उदय प्रताप सिंह, आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली, वरिष्‍ठ पत्रकार अनुराग त्रिपाठी, मुंबई भाजपा प्रवक्‍ता अजय सिंह, गायक सुरेश शुक्ला के अलावा बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय संघ के पदाधिकारी, समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन उत्तर भारतीय संघ के युवा अध्‍यक्ष संजय सिंह ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button