
नई दिल्ली। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव कब होंगे? इसकी जानकारी आज मिलेगी। विधानसभा चुनाव की घोषणा को लेकर अटकलों के बीच चुनाव आयोग आज दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। संभावना है कि इस कॉन्फ्रेंस में गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस दिल्ली के विज्ञान भवन में होगी।
गुजरात में विधानसभा का कार्यकाल दिसंबर में और हिमाचल प्रदेश में नवंबर में समाप्त होता है। दोनों राज्यों में फिलहाल भाजपा का शासन है।
पिछली बार हिमाचल प्रदेश में 10 अक्टूबर को चुनाव की घोषणा हुई थी। आज के ऐलान से गुजरात की मतगणना की तारीख का अंदाजा लग सकता है। हिमाचल प्रदेश के मौसम की स्थिति के कारण, चुनाव की घोषणा हर बार जल्दी की जाती है।
प्रधानमंत्री मोदी 19 और 20 तारीख को राजकोट और जूनागढ़ के दौरे पर हैं। चूंकि यह एक सरकारी कार्यक्रम है, इसलिए गुजरात की घोषणा होती नहीं दिख रही है। गुजरात चुनाव की घोषणा 20-22 अक्टूबर के बाद होने की संभावना है।