
500 विद्यार्थियों को मिली शैक्षणिक सामग्री, महावीर इंटरनेशनल ने मनाया स्थापना दिवस सेवा कार्यों के साथ
गोडादरा की नगर प्राथमिक शाला में नोटबुक, स्टेशनरी, खेल सामग्री सहित आवश्यक संसाधनों का वितरण
सूरत। महावीर इंटरनेशनल मुख्य शाखा, सूरत द्वारा 52वें स्थापना दिवस सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को गोडादरा स्थित नगर प्राथमिक शाला क्रमांक-400 में शिक्षा सेवा कार्य का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराकर उनके अध्ययन एवं सर्वांगीण विकास में सहयोग प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना से हुआ तथा समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर शाखा के चेयरमैन वीर सीए दिनेश जैन, सचिव वीर नरेश लालवानी, उपाध्यक्ष वीर आकाश मदरेचा, उपाध्यक्ष वीरा सुषमा जैन, वीर सीए मुकेश जैन, वीरा असीता लालवानी, वीर राजेश चोरड़िया एवं वीर रितिक चोरड़िया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
इस दौरान विद्यालय के करीब 500 विद्यार्थियों को नोटबुक, स्टेशनरी किट, खेल सामग्री, दरी, आसन पट्टी, कुर्सियां एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। साथ ही विद्यार्थियों को अल्पाहार भी कराया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया, उनका उत्साहवर्धन किया और शिक्षा के महत्व पर प्रेरक संवाद के माध्यम से उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
महावीर इंटरनेशनल मुख्य शाखा, सूरत ने इस सेवा कार्य को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। शाखा पदाधिकारियों ने कहा कि “एक बच्चे की शिक्षा में दिया गया सहयोग, समाज के उज्ज्वल भविष्य में किया गया निवेश है।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्था भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं मानव सेवा से जुड़े जनकल्याणकारी सेवा कार्यों का निरंतर आयोजन करती रहेगी।



