सूरत

गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग तेज, 27 जुलाई को सूरत में निकलेगी विशाल जनजागरण रैली

संतों के सान्निध्य में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन, हस्ताक्षर अभियान व रक्त से लिखे पत्र रहेंगे आकर्षण

सूरत। गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने और देशभर में गौवध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर 27 जुलाई को सूरत में विशाल जनजागरण रैली निकाली जाएगी। देशव्यापी अभियान के दूसरे चरण के तहत आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में गोभक्त, संत, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन शामिल होंगे। रैली के दौरान राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 8 बजे महाराजा अग्रसेन भवन में सामूहिक विजय मंत्र कीर्तन से होगा। इसके बाद सभी गोभक्त वनिता विश्राम पहुंचेंगे, जहां से सुबह 10 बजे संतों के सान्निध्य में विशाल रैली जिला सेवा सदन के लिए रवाना होगी। रैली में बैलगाड़ियां, आकर्षक झांकियां, ढोल-नगाड़े तथा महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी देखने को मिलेगी।

कार्यक्रम में अग्र मलूक पीठाधीश्वर अनंत श्री विभूषित जगद्गुरु द्वाराचार्य डॉ. राजेंद्रदास जी देवाचार्य महाराज का सान्निध्य रहेगा, जबकि ग्वाल संत श्री गोपालानंद सरस्वती विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

अभियान के समर्थन में सूरत के सिल्क सिटी मार्केट में गोभक्तों ने अपने रक्त से पत्र लिखकर भारत सरकार से गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने और गौवध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है। इसके अलावा शहर में व्यापक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। एकत्रित हस्ताक्षरों को लाल कपड़े की पोटलियों में बांधकर बैलगाड़ियों के माध्यम से रैली में शामिल किया जाएगा, ताकि गौसंरक्षण और गौसम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

व्यापारिक संगठनों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने भी इस अभियान को समर्थन देते हुए रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है। आयोजकों ने नागरिकों से सफेद टी-शर्ट पहनकर तथा हाथों में बैनर लेकर रैली में शामिल होने की अपील की है। साथ ही मीडिया से भी इस जनजागरण अभियान को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने का अनुरोध किया गया।

इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में ग्वाल संत श्री गोपालानंदजी के सान्निध्य में बड़ी संख्या में गोभक्त एवं अभियान से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button