बिजनेससूरत

FOSTTA और MANTRA मिलकर शुरू करेंगे ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग कार्यक्रम, सूरत के टेक्सटाइल उद्योग को मिलेंगे कुशल युवा

वीविंग, गारमेंट, टेक्सटाइल लैब टेस्टिंग और लूम डिफेक्ट पहचान जैसे विषयों पर होगी ट्रेनिंग

सूरत के कपड़ा उद्योग को कुशल एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन्स (FOSTTA) और द मैन-मेड टेक्सटाइल्स रिसर्च एसोसिएशन (MANTRA) संयुक्त रूप से ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT) आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करेंगे। यह प्रशिक्षण MANTRA संस्थान में आयोजित किया जाएगा, जो मिलेनियम टेक्सटाइल मार्केट-1 की गली में स्थित है।

इस संबंध में FOSTTA के अध्यक्ष हंसराज जैन, महामंत्री दिनेश कटारिया, डायरेक्टर महेंद्रसिंह भायल, डायरेक्टर शिवराज परिक तथा MANTRA के निदेशक डॉ. पंकज गांधी एवं उनकी टीम के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योग की जरूरतों के अनुरूप युवाओं, स्नातकों और वर्तमान में टेक्सटाइल क्षेत्र से जुड़े लोगों को व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत वीविंग, गारमेंट निर्माण, टेक्सटाइल लैब टेस्टिंग तथा लूम डिफेक्ट (कपड़े की बुनाई में आने वाली त्रुटियों) की पहचान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य उद्योग की मांग के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार करना है।

व्यापारियों के लिए न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध होंगे कोर्स

FOSTTA के प्रयासों से ये सभी प्रशिक्षण कोर्स सूरत टेक्सटाइल मार्केट के व्यापारियों और युवाओं के लिए अत्यंत न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराए जाएंगे। कोर्स की विशेषता यह होगी कि व्यापारी अपने नियमित कारोबार को प्रभावित किए बिना सुविधानुसार प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे और नई तकनीक व बेहतर कार्यकुशलता के साथ अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकेंगे।

FOSTTA का लक्ष्य नई पीढ़ी को आधुनिक तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उद्योग के लिए तैयार करना है, ताकि सूरत का टेक्सटाइल उद्योग केवल व्यापार तक सीमित न रहकर एक मजबूत और विश्वसनीय ब्रांड के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सके।

संस्था का मानना है कि इस पहल से युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर सृजित होंगे, व्यापारियों को प्रशिक्षित एवं कुशल मानव संसाधन मिलेगा और सूरत के कपड़ा उद्योग की गुणवत्ता तथा प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। FOSTTA ने इच्छुक व्यापारियों एवं युवाओं से अधिक जानकारी के लिए कार्यालय से संपर्क करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button