
बाबा रामदेव की 18वीं निशान यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
सूरत। श्री बाबा रामदेव सेवा समिति की ओर से बाबा रामदेव जी की दशमी के अवसर पर रविवार को 18वीं निशान पदयात्रा (नेजा यात्रा) का आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे उधना स्थित दक्षिणामुखी हनुमान मंदिर से यात्रा जहांगीरपुरा स्थित राममढ़ी के लिए रवाना हुई।
समिति के अध्यक्ष डॉ. पवन सेनी ने बताया कि यात्रा से पूर्व सामाजिक कार्यकर्ता बसंत खैतान ने मंत्रोच्चार के साथ निशान पूजन किया। इसके बाद बाबा रामदेव जी की ज्योत प्रज्वलित की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने दिव्य ज्योत के दर्शन किए और भक्ति भाव के साथ नाचते-गाते हुए पदयात्रा शुरू की।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु बाबा रामदेव जी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों की ओर से यात्रा का स्वागत किया गया। करीब 11 घंटे की पदयात्रा के बाद यात्रा शाम 7 बजे राममढ़ी पहुंची।
इस अवसर पर राजस्थान युवा संघ के अध्यक्ष शक्ति सिंह तंवर, सुशील झंवर, गणेश राठी, सुरेश चौधरी, महेश भाटी, सुरेंद्र लखारा, विक्रम शर्मा, सूर्या शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



