
राजस्थान युवा संघ एवं लघु उद्योग भारती के कार्यकर्ताओ ने जिला कलेक्टर तेजस परमार से की शिष्टाचार भेंट
सूरत। राजस्थान युवा संघ के कार्यकर्ता एवं लघु उद्योग भारती सूरत टीम ने सूरत जिला कलेक्टर तेजस परमार से शिष्टाचार भेंट कर समाज एवं उद्योग जगत से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
लघु उद्योग भारती की ओर से सूरत में स्किल डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना के लिए आवश्यक सहयोग एवं प्रशासनिक मार्गदर्शन का आग्रह किया गया, ताकि युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
वहीं राजस्थान युवा संघ की ओर से आग्रह किया गया कि राजस्थान सरकार की माँ कार्ड (MAA Card) स्वास्थ्य योजना का लाभ सूरत के अस्पतालों में भी राजस्थान के प्रवासी नागरिकों को सुगमता से मिल सके। इसके लिए आवश्यक समन्वय एवं प्रशासनिक स्तर पर सकारात्मक पहल करने का अनुरोध किया गया।
जिला कलेक्टर तेजस परमार ने दोनों विषयों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक सहयोग एवं उचित स्तर पर सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर श्री का समय देने तथा समाज एवं उद्योग हित के विषयों पर सकारात्मक दृष्टिकोण रखने के लिए आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि इन प्रयासों से सूरत के उद्योगों, युवाओं एवं राजस्थान के प्रवासी परिवारों को व्यापक लाभ मिलेगा।



