
सूरत में मानवता की मिसाल: भारी बारिश के बीच फँसे हजारों रेल यात्रियों की मदद को आगे आया महावीर इंटरनेशनल
सूरत रेलवे स्टेशन पर 1,000 फूड पैकेट और 2,000 पानी की बोतलों का वितरण
सूरत। सूरत–मुंबई रेल मार्ग पर लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हजारों रेल यात्री सूरत रेलवे स्टेशन पर फँस गए। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में महावीर इंटरनेशनल मुख्य शाखा, सूरत ने मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण पेश करते हुए जरूरतमंद यात्रियों के लिए 1,000 फूड पैकेट और 2,000 पानी की बोतलों का वितरण किया।

यह सेवा कार्य CCIM एवं सूरत रेलवे स्टेशन के अधिकारी गणेश जाधव के अनुरोध पर तत्काल शुरू किया गया। संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर यात्रियों को भोजन और पेयजल उपलब्ध कराया, जिससे बारिश के बीच राहत मिली।
सेवा अभियान में महावीर इंटरनेशनल मुख्य शाखा के सचिव वीर नरेश लालवानी, संयुक्त सचिव वीर विकास आच्छा, इंटरनेशनल को-डायरेक्टर वीर संतोकचंद नाहर तथा वीर यशवंत सुराना विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी पदाधिकारियों ने स्वयं अपने हाथों से यात्रियों को भोजन और पानी वितरित कर सेवा, संवेदना और समर्पण का परिचय दिया।

महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष दिनेश जैन ने बताया कि संस्था का हमेशा प्रयास रहा है कि आपदा और आवश्यकता की हर घड़ी में जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जाए। इस सेवा अभियान ने संस्था के मूल मंत्र “सबकी सेवा – सबको प्यार” को सार्थक रूप से चरितार्थ किया।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि संकट के समय की गई निस्वार्थ सेवा ही सच्चे अर्थों में मानवताकी सेवा है।



