
फोस्टा ने आयोजित किया जागरूकता सेमिनार, न्यायिक अधिकारियों ने व्यापारियों को दी कानूनी जानकारी
लोक अदालत से व्यापारिक विवादों के त्वरित समाधान पर जोर
सूरत। फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन की ओर से फोस्टा कार्यालय के बोर्डरूम में ‘लोक अदालत जागरूकता’ विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य व्यापारियों को लोक अदालत की उपयोगिता तथा कॉमर्शियल सूट और चेक बाउंस जैसे मामलों में सरल एवं प्रभावी न्यायिक प्रक्रिया की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में 11वें एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज डी.एस. जोशी, 11वें एडिशनल सीनियर सिविल जज एवं एसीजेएम एच.ए. बारड, डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विस अथॉरिटी के फुल टाइम सेक्रेटरी आर.एल. गुप्ता तथा 5वीं एडिशनल सिविल जज एवं जेएमएफसी पी.एन. जैन मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
इसके अलावा सूरत डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट उदयभाई पटेल, सूरत सिटी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट नीलकंठभाई बारोट तथा लीगल एड डिफेंस काउंसल एडवोकेट हेता देसाई की विशेष उपस्थिति रही।
आपसी सहमति से विवाद निपटाने पर जोर
सेमिनार में न्यायिक अधिकारियों ने लोक अदालत के माध्यम से विवादों के त्वरित, सरल और आपसी सहमति से समाधान की प्रक्रिया समझाई। कॉमर्शियल विवादों एवं चेक बाउंस मामलों में उपलब्ध कानूनी विकल्प, आवश्यक प्रक्रिया और व्यापारियों द्वारा बरती जाने वाली सावधानियों की भी जानकारी दी गई।
फोस्टा की ओर से बताया गया कि केंद्र एवं गुजरात सरकार द्वारा मीडिएशन (मध्यस्थता) को प्राथमिकता दी जा रही है। ऐसे में यदि विवाद के दोनों पक्ष आपसी सहमति से समाधान के लिए तैयार हों, तो लोक अदालत के माध्यम से विवाद निपटाने का प्रयास किया जाना चाहिए। इससे समय और संसाधनों की बचत के साथ न्यायिक प्रक्रिया पर बोझ कम करने में मदद मिलती है।
व्यापारियों ने पूछे कानूनी सवाल
सेमिनार में उपस्थित व्यापारियों ने न्यायिक अधिकारियों और विधि विशेषज्ञों से विभिन्न कानूनी विषयों पर सवाल पूछे। न्यायाधीशों ने सहजता से उनके प्रश्नों के जवाब देते हुए समाधान की दिशा में मार्गदर्शन दिया और आवश्यकता होने पर आगे व्यक्तिगत रूप से जानकारी लेने की सलाह दी।
कार्यक्रम में फोस्टा के चेयरमैन कैलाश हाकिम, अध्यक्ष हंसराज जैन, पदाधिकारीगण, विभिन्न कपड़ा मार्केटों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में अग्रणी व्यापारी उपस्थित रहे। अंत में फोस्टा की ओर से न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।



