
राजस्थान युवा संघ के अध्यक्ष शक्तिसिंह तंवर का फोस्टा कार्यालय में भव्य स्वागत-सम्मान
फोस्टा अध्यक्ष हंसराज जैन ने कहा राजस्थानी समाज और व्यापारियों के हित में मिलकर करेंगे कार्य, संस्था के विस्तार में देंगे पूरा सहयोग
सूरत। राजस्थान युवा संघ की नवनियुक्त कार्यकारिणी का फोस्टा कार्यालय में भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हंसराज जैन, महामंत्री दिनेश कटारिया एवं फोस्टा के निदेशकों ने राजस्थान युवा संघ के नवनियुक्त अध्यक्ष शक्तिसिंह तंवर, संरक्षक बजरंगसिंह कवैया एवं सचिव जगदीश शर्मा का राजस्थानी साफा एवं दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर राजस्थान युवा संघ के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं फोस्टा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए फोस्टा अध्यक्ष हंसराज जैन ने नवनियुक्त अध्यक्ष शक्तिसिंह तंवर सहित राजस्थान युवा संघ की पूरी कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजस्थान युवा संघ सूरत में प्रवासी राजस्थानियों की प्रमुख सामाजिक संस्था है। नई कार्यकारिणी के सामने संस्था को और अधिक मजबूत एवं व्यापक बनाने के साथ निवर्तमान अध्यक्षों द्वारा शुरू किए गए तथा अधूरे रह गए कार्यों को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान युवा संघ सामाजिक क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए समाज को नई दिशा देने का कार्य करे, इसके लिए फोस्टा की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
हंसराज जैन ने कहा कि सूरत का राजस्थानी समाज और कपड़ा व्यापार एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। आने वाले समय में फोस्टा और राजस्थान युवा संघ मिलकर राजस्थानी समाज, व्यापारियों एवं सामाजिक हितों से जुड़े विषयों पर संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त अध्यक्ष शक्तिसिंह तंवर के नेतृत्व में राजस्थान युवा संघ को मजबूती के साथ आगे बढ़ना चाहिए और संस्था के विस्तार के लिए सदस्यता अभियान को भी व्यापक रूप दिया जाना चाहिए। फोस्टा इस अभियान में भी संस्था को आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी।
फोस्टा महामंत्री दिनेश कटारिया ने भी राजस्थान युवा संघ की नवीन कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई टीम सामाजिक गतिविधियों को और गति प्रदान करते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों को संस्था से जोड़ने का कार्य करे। उन्होंने विश्वास जताया कि राजस्थान युवा संघ नई ऊर्जा एवं नई सोच के साथ समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करेगा।
इस अवसर पर राजस्थान युवा संघ के संरक्षक बजरंगसिंह कवैया, अध्यक्ष शक्तिसिंह तंवर एवं सचिव जगदीश शर्मा ने फोस्टा अध्यक्ष हंसराज जैन, महामंत्री दिनेश कटारिया एवं सभी निदेशकों का स्वागत-सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फोस्टा द्वारा नवीन कार्यकारिणी का जिस आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया है, वह राजस्थान युवा संघ के लिए उत्साहवर्धन का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में फोस्टा एवं राजस्थान युवा संघ समाज और व्यापार जगत से जुड़े मुद्दों पर मिलकर सकारात्मक एवं प्रभावी कार्य करेंगे।
इस मौके पर फोस्टा डायरेक्टर महेंद्रसिंह भायल,ओम प्रकाश गांधी, शिवलाल पारीक,टेक्सटाईल युवा ब्रिगेड के अध्यक्ष ललित शर्मा,संतोष नाहर, समेत बड़ी संख्या में संघ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



