गुजरातसूरत

व्यारा में 317 बेड की अत्याधुनिक अस्पताल का लोकार्पण, 800 बेड की नई अस्पताल का भूमिपूजन

तापी समेत गुजरात-महाराष्ट्र के सीमावर्ती आदिवासी क्षेत्रों के 8 लाख से अधिक लोगों को मिलेगा आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

व्यारा,  गुजरात। सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने तापी जिले के मुख्यालय व्यारा में 317 बेड की अत्याधुनिक यूएनएम ट्रांजिशनल अस्पताल का लोकार्पण किया। इसके साथ ही राज्य सरकार के साथ पीपीपी मॉडल पर विकसित हो रही यूएनएम मेडिकल कॉलेज एवं जनरल अस्पताल परियोजना के तहत 800 बेड की नई अस्पताल का भूमिपूजन भी किया गया

नई स्वास्थ्य सुविधाओं के विकसित होने से तापी सहित गुजरात और महाराष्ट्र के सीमावर्ती आदिवासी क्षेत्रों के 8 लाख से अधिक लोगों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे गंभीर बीमारी और आपात स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार मिलने के साथ उपचार के लिए दूर जाने की जरूरत भी कम होगी।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित यूएनएम अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर उपलब्ध अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। नई 800 बेड की अस्पताल के निर्माण के दौरान मरीजों को उपचार में परेशानी न हो और स्वास्थ्य सेवाएं लगातार जारी रहें, इसके लिए वर्तमान अस्पताल परिसर में ही 317 बेड की ट्रांजिशनल अस्पताल विकसित की गई है।

 1,200 मरीजों की प्रतिदिन ओपीडी क्षमता

9,986 वर्ग मीटर कार्पेट क्षेत्र में विकसित ट्रांजिशनल अस्पताल में कुल 317 बेड हैं। इनमें 271 वार्ड बेड और 46 क्रिटिकल केयर बेड शामिल हैं। अस्पताल में 17 क्लिनिकल स्पेशियलिटी के लिए 24 समर्पित ओपीडी रूम बनाए गए हैं। इससे प्रतिदिन करीब 1,200 मरीजों को ओपीडी सेवा मिल सकेगी, जबकि पहले क्षमता करीब 700 मरीज प्रतिदिन थी।

अस्पताल में मेजर सर्जरी के लिए 3 और सीजेरियन/मेटरनिटी सेवाओं के लिए 1 सहित कुल 4 आधुनिक ऑपरेशन थिएटर हैं। इसके अलावा ईआर माइनर ओटी और पोस्टमार्टम ओटी की सुविधा भी उपलब्ध है। क्रिटिकल केयर के लिए 34 आईसीयू बेड, 12 एनआईसीयू/पीआईसीयू बेड और 6 ईआर बेड बनाए गए हैं।

अस्पताल में अत्याधुनिक पैथोलॉजी एवं माइक्रोबायोलॉजी लैब, ब्लड स्टोरेज सेंटर, एक्स-रे, यूएसजी, 8 बेड का डायलिसिस यूनिट, सीएसएसडी, कंगारू मदर केयर रूम और एनआरसी वार्ड जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

150 सीटों की मेडिकल कॉलेज भी होगी

पूरे प्रोजेक्ट के तहत व्यारा में आने वाले समय में 150 एमबीबीएस सीट वाली मेडिकल कॉलेज, विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल और अन्य सुविधाओं के साथ एक हेल्थकेयर हब विकसित किया जाएगा। करीब 910 करोड़ रुपए की इस परियोजना को यूएनएम फाउंडेशन द्वारा संचालित किया जाएगा।

अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से तापी जिले के मरीजों को इलाज के लिए करीब 75 किलोमीटर दूर सूरत जाने की जरूरत में कमी आएगी। खासकर आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलने से समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

टोरेंट ग्रुप के निदेशक जिनल मेहता ने कहा कि गुजरात सरकार के साथ पीपीपी मॉडल के तहत यूएनएम फाउंडेशन द्वारा व्यारा जनरल अस्पताल के पुनर्विकास और विस्तार का कार्य किया जा रहा है। ट्रांजिशनल अस्पताल का लोकार्पण और नई यूएनएम जनरल अस्पताल का भूमिपूजन क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर आदिजाति विकास मंत्री एवं तापी जिले के प्रभारी मंत्री नरेशभाई पटेल, खेल एवं पर्यटन राज्य मंत्री डॉ. जयरामभाई गामित, सांसद प्रभुभाई वसावा, जिला पंचायत अध्यक्ष चंचलबेन चौधरी, विधायक मोहनभाई कोंकणी व मोहनभाई ढोडिया सहित जनप्रतिनिधि, यूएन मेहता ग्रुप के अधिकारी-कर्मचारी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button