
फिट रहेगा इंडिया तभी आगे बढ़ेगा इंडिया – नवीन सिंह
भायंदर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा के सृष्टि मंडल बूथ संयोजक नवीन सिंह की ओर से शांति गार्डन स्थित जनसंपर्क कार्यालय पर योग शिविर का आयोजन किया गया। योगा प्रशिक्षक ने इस दौरान सैकड़ों की तादाद में उपस्थित महिलाओं एवं पुरुषों को करीब आधे घंटे तक विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। सभी लोग योगासन करके प्रफुल्लित हुए और नियमित रूप से योग-ध्यान करने का उन्होंने संकल्प लिया।
योग शिविर के आयोजक नवीन सिंह ने लोगों को नियमित योग करने का संदेश देते हुए कहा कि फिट रहेगा इंडिया, तभी तो आगे बढ़ेगा इंडिया। उन्होंने कहा कि योग करने से हमें शारीरिक तथा मानसिक लाभ मिलता है, और योग मांसपेशियों को पुष्टता प्रदान करते हैं। योग करने से हमारा शरीर स्वस्थ, निरोग और बलवान बनता है और योगाभ्यास करने से कई रोगों से लड़ने की शक्ति भी मिलती है। कई योगासन शारीरिक बीमारियों या दर्द को कम करने के लिए किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के चलते आज पूरी दुनिया में पूरे उत्साह के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। हर धर्म के लोग सहर्ष योग को गले लगा रहे हैं। नवीन सिंह ने कहा कि तनाव मुक्त जीवन के लिए योग अत्यावश्यक है। उन्होंने कहा कि जो लोग योग शिविर ज्वाईन करने में आर्थिक रूप से सक्षम नहीं हैं, उनकी मदद को हम तैयार हैं। इस अवसर पर आलोक सिंह, संतोष सिंह, सोनल सावंत, हर्षा जोशी रीता बरई, राजू ठाकुर, मोनिका द्विवेदी, अमोल पाटिल, सुमित दुबे, प्रीति मकवाना, मनोज पांचाल आदि उपस्थित रहे।