
ताइक्वांडो में द रेडियंट इंटरनेशनल स्कूल की शानदार तिहरी उपलब्धि
यशवी कावा ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जीते दो रजत पदक, ‘सरदार पटेल जूनियर अवॉर्ड’ से भी सम्मानित
सूरत। द रेडियंट इंटरनेशनल स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा यशवी कावा ने ताइक्वांडो के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। यशवी की इस सफलता ने न केवल स्कूल, बल्कि उनके परिवार और प्रशिक्षकों को भी गौरवान्वित किया है।
यशवी कावा ने ओडिशा में आयोजित नेशनल यूथ ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में पदक जीतकर उन्होंने अपनी खेल प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया
इसके अलावा, ताइक्वांडो में उत्कृष्ट खेल उपलब्धि के लिए यशवी कावा को स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात की ओर से प्रतिष्ठित ‘सरदार पटेल जूनियर अवॉर्ड’से सम्मानित किया गया। यह सम्मान महात्मा गांधी मंदिर, गांधीनगर में प्रदान किया गया।
यशवी ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पुणे, महाराष्ट्र में आयोजित 5वीं इंडिया ताइक्वांडो क्योरुगी नेशनल चैंपियनशिप 2026-27 (फेडरेशन नेशनल) में भी रजत पदक अपने नाम किया। लगातार राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यशवी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवाया।
यशवी की इन उपलब्धियों के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण, निरंतर अभ्यास और कभी हार न मानने का जज्बा है। उनकी सफलता स्कूल के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक बनी है
यशवी की इस शानदार सफलता पर द रेडियंट इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधन, प्राचार्य, स्कूल प्रशासन, कोचिंग टीम, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की



